Wednesday, October 21st, 2026

सपा सरकार बनने पर एनकाउंटर और हिरासत में हुई मौतों की कराएंगे जांच: अखिलेश यादव 

लखनऊ 
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी मोड में आ चुके हैं। इसे लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार अलग अलग जिलों के दौरे कर रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार पर हमले कर रहे हैं। रविवार को अखिलेश ने कहा कि उनकी सरकार बनने पर फर्जी एनकाउण्टर और हिरासत में मौतों की जांच की जाएगी। मानवाधिकार आयोग की रिपोर्टों और पीड़ित परिवारों की मांगों पर कार्यवाही होगी। अखिलेश यादव ने कहा है कि आज संविधान पर हमले हो रहे हैं, नेताओं पर झूठे मुकदमों और जांच एजेंसियों के छापे के बाद अब शारीरिक हमले हो रहे हैं। यह भाजपा की राजनीतिक कुत्सित इरादे का परिणाम है। दूसरों पर सिंडीकेट से संचालित होने का आरोप लगाने वाले लोग वास्तव में ‘संघीकेट‘ से संचालित हैं। 

अखिलेश यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि चार साल में भाजपा सरकार ने प्रदेश में विकास की गति अवरुद्ध करने के अलावा कोई काम नहीं किया है। पिछली सरकार के कामों को कोसना और फिर उन्हीं के कामों को अपना बताकर श्रेय लूटना यही मुख्य काम रह गया है। अखिलेश यादव सोशल मीडिया से भी लगातार सरकार पर हमलावर हैं। उन्होंने रविवार को भी हमले जारी रखे। कहा कि उप्र की भाजपा सरकार को पहले नौकरी व कारोबार देने के झूठे ट्वीट हटाने पड़े। अब 5 एक्सप्रेस वे बनाने के झूठे होर्डिंग्स भी हटवाने पड़ेंगे। सच तो ये है कि ये संकीर्णमार्गी स्वयं कोई महामार्ग नहीं बनवा सकते। ये तो बस झूठ के महामार्गी हैं। जिन्हें अब जनता हटाएगी। अखिलेश पहले भी यूपी में हुए एनकाउंटरों को लेकर योगी सरकार पर लगातार हमले करते रहे हैं। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा था कि ये ठोको मुख्यमंत्री है। इस चुनाव में जनता इन्हें ठोक देगी। सपा अध्यक्ष ने सीएम योगी के बयान पर पलटवार किया था। शनिवार को सीएम योगी ने सपा अध्यक्ष का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा था। सीएम योगी ने कहा था कि ये महाभारत के वही पात्र है जिन्होंने दोबारा जन्म लिया है। इन लोगों ने जैसे महाभारत करके भारत की प्रगति को बाधित किया था, उसी तरह प्रदेश के विकास को बाधित कर रहे है।
 

 

#Akhilesh Yadav

Source : Agency

पाठको की राय